SUNIL KUMAR
साहिबगंज: भारतीय रेल द्वारा साहिबगंज में प्रस्तावित ईएमयू (इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट) मेंटेनेंस शेड के निर्माण कार्य को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को कोलकाता रेलवे जोनल ऑफिस एवं मालदा रेल डिवीजन के वरिष्ठ अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय टीम साहिबगंज पहुंची।
टीम ने झरना कॉलोनी स्थित वर्तमान में संचालित डीएमयू (डीजल मल्टीपल यूनिट) मेंटेनेंस शेड का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उपलब्ध आधारभूत संरचना, तकनीकी सुविधाओं तथा भविष्य में ईएमयू शेड के निर्माण हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण टीम में प्रिंसिपल चीफ मैकेनिकल इंजीनियर परमानंद शर्मा, एडीआरएम अमरेंद्र कुमार मौर्य, सीनियर डीएमई रोहित सिंह, सीनियर डीईई चंद्र कुमार पटेल, सीनियर डीएमई प्रदीप दास तथा सीनियर डीईएन विद्ययूत मंडल शामिल थे।
अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा प्रस्तावित ईएमयू मेंटेनेंस शेड के निर्माण कार्य को शीघ्र गति से आगे बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में रेल सेवाओं के आधुनिकीकरण को बढ़ावा मिलेगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। बताते चले कि यह पहल न केवल साहिबगंज बल्कि पूरे मालदा रेल मंडल के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे परिचालन क्षमता में वृद्धि के साथ-साथ रखरखाव कार्यों में भी दक्षता आएगी।
