SUNIL KUMAR
साहिबगंज/बोरियो: उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने शनिवार को बोरियो प्रखंड के विभिन्न संस्थानों का सघन निरीक्षण कर शिक्षा, स्वास्थ्य एवं विकास योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्था में सुधार पर जोर दिया।
निरीक्षण की शुरुआत राजकीय अनुसूचित जनजाति आवासीय उच्च विद्यालय, बोरियो से की गई। उपायुक्त ने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं पठन-पाठन की गुणवत्ता का आकलन किया तथा छात्रों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक स्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने वेतन स्थगित करने एवं स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया।
उन्होंने शिक्षकों की उपस्थिति पंजी, रोस्टर एवं अन्य अभिलेखों की जांच की। साथ ही मध्यान्ह भोजन (MDM) की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं पोषण मानकों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। विद्यालय परिसर में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा के दौरान दो चापाकल एवं एक बोरिंग खराब पाए गए, जिनकी शीघ्र मरम्मत का निर्देश संबंधित विभाग को दिया गया।
इसके बाद उपायुक्त ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बांझी का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, दवाइयों एवं टीकों की उपलब्धता की जानकारी ली तथा प्रसव कक्ष, वार्ड, डायग्नोस्टिक कक्ष एवं पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया। एएनएम द्वारा सोलर पैनल लाइट खराब होने एवं पेवर ब्लॉक की आवश्यकता बताई गई, जिस पर उपायुक्त ने शीघ्र मरम्मत एवं निर्माण हेतु प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने बांझी पंचायत सचिवालय का भी निरीक्षण किया। इसके पश्चात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बोरियो का निरीक्षण करते हुए उन्होंने आकस्मिक कक्ष, प्रयोगशाला, टीकाकरण कक्ष, शीत श्रृंखला कक्ष एवं एक्स-रे कक्ष का जायजा लिया। इस दौरान दवाइयों की उपलब्धता, टीकाकरण व्यवस्था तथा एंटी-रेबीज वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही परिसर की स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया गया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने बोरियो प्रखंड सभागार में समीक्षा बैठक कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने 17 पंचायतों की स्थिति की समीक्षा करते हुए पंचायत सचिवों की उपस्थिति एवं कार्यप्रणाली पर विशेष ध्यान दिया।
बैठक में जन-मन आवास योजना, अबुआ आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, बिरसा हरित ग्राम योजना, 15वें वित्त आयोग की योजनाएं एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक शत-प्रतिशत पहुंचाना सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जमीनी स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग एवं पारदर्शिता के साथ योजनाओं के क्रियान्वयन का निर्देश दिया, साथ ही आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान पर बल दिया। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायत सचिव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
