By Mustaffa
मेसरा/ओरमांझी (रांची): पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (पीएचइडी) की घोर लापरवाही के कारण रांची-हजारीबाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर रुका मोड़ (नेवरी रिंग रोड गोलचक्कर के पास) स्थित मुख्य वाटर सप्लाई पाइपलाइन सोमवार को अचानक फट गई। पाइपलाइन फटने से सड़क पर दिनभर पानी का तेज फव्वारा छूटता रहा,जिससे हजारों लीटर शुद्ध पेयजल बहकर बर्बाद हो गया। पानी के तेज बहाव और फिसलन के कारण एनएच पर गाड़ियों की रफ्तार थम गई। कई दोपहिया व चार पहिया वाहनों का संतुलन बिगड़ा,हालांकि गनीमत रही कि बड़े हादसे टल गए। इस जलजमाव से स्कूली बच्चों,पैदल राहगीरों और वाहन चालकों को दिनभर भारी फजीहत झेलनी पड़ी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई बार पाइपलाइन फट चुकी है,लेकिन विभाग हर बार खानापूर्ति कर छोड़ देता है। दिनभर पानी बहता रहा,मगर देर शाम तक कोई भी विभागीय अधिकारी या कर्मचारी सुध लेने नहीं पहुंचा,जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।
