शव की हुई पहचान, नगजुआ स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध की गई जान
लोहरदगा: लोहरदगा-रांची रेलखंड पर रविवार को दो अलग-अलग घटनाओं में रेलवे ट्रैक से दो शव बरामद किए गए। पहली घटना सदर थाना क्षेत्र के हेंदलासो हरिहर टोली के पास हुई, जहां पोल संख्या 495/11 के समीप रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव मिला था। शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन दोपहर करीब 1 बजे मृतक की पहचान सुभाष ठाकुर, पिता स्व. शंकर ठाकुर, निवासी किस्को मोड़ शांति आश्रम के समीप, लोहरदगा के रूप में हुई। सूचना पर सदर थाना के एएसआई अरविंद शर्मा, एएसआई दीपक कुमार, चौकीदार समशूल अंसारी एवं बरतु उरांव मौके पर पहुंचे। और शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल भेजा। अस्पताल में एएसआई अशरफी बहेलिया द्वारा पंचनामा तैयार करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। इस दौरान स्वास्थ्य प्रतिनिधि सोनू कुरैशी भी मौजूद रहे। वहीं दूसरी घटना लोहरदगा-रांची रेलवे ट्रैक के नगजुआ स्टेशन के समीप रविवार सुबह करीब 7:30 बजे हुई। यहां ट्रेन की चपेट में आने से एक वृद्ध व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक की पहचान गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र निवासी के रूप में बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया। दोनों घटनाओं को लेकर पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है। नगजुआ स्टेशन के समीप हुई घटना में ट्रेन की चपेट में आने की बात सामने आई है, जबकि हेंदलासो हरिहर टोली में मिले शव की मौत की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
