मयूरहंड में बरसाती नाले में बहने से वनरक्षक की मौत, बुधवार सुबह बन्हा चेकडैम के पास मिला शव

360° Ek Sandesh Live


Report अशोक अनन्त
चतरा : जिले के मयूरहंड से एक बेहद दुखद खबर है। हुसिया पंचायत के करकरा गांव निवासी 45 वर्षीय वनरक्षक राजकुमार भुइयां की बरसाती नाले में बहने से मौत हो गई है। लापता वनरक्षक का शव बुधवार सुबह 8 बजे बन्हा चेकडैम के पास से बरामद कर लिया गया है। इस दर्दनाक घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा है।राजकुमार भुइयां पचमु जंगल के वनरक्षक थे। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे वे जंगल की देखरेख के लिए निकले थे। इसी दौरान बरसाती नाले को पार करते समय अचानक आई बाढ़ की चपेट में आकर वे बह गए। नदी किनारे उनकी चप्पल, छाता और कुल्हाड़ी मिलने के बाद काफी खोजबीन की गई। बुधवार सुबह शव मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले में मयूरहंड के अंचलाधिकारी मनीष कुमार ने आश्वासन दिया है कि पोस्टमार्टम और पुलिस रिपोर्ट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, मृतक के आश्रितों को आपदा प्रबंधन के तहत 4 लाख रुपये का मुआवजा दिलाया जाएगा।

Spread the love