Eksandeshlive Desk
रांची: झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में 17 सितंबर तक गरज के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे लेकर रविवार को येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अगस्त की तरह सितंबर में भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में अच्छी बारिश हो रही है। इससे राज्य में बारिश की कमी में काफी सुधार हुआ है। एक जून से 13 सितंबर तक झारखंड में 869.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से महज चार प्रतिशत कम है। मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति सामान्य मानी जाती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान जामताड़ा जिले के नारायणपुर में सबसे अधिक 31.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा में राज्य का सर्वाधिक तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। दोपहर बाद आसमान में बादल छाए रहे। दिनभर गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे। रांची में अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री और न्यूनतम 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के प्रमुख शहरों में जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 30.4 और न्यूनतम 25.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 33.2 और न्यूनतम 24.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 32.1 और न्यूनतम 25.2 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 32.4 और न्यूनतम 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
