गरगाली में करमा पूजा हर्षौल्लास के साथ संपन्न

360° Ek Sandesh Live

मांडू/रामगढ़: मांडू प्रखंड अंतर्गत गरगाली (पंचक्रिया) में मंगलवार देर रात पारंपरिक रीति-रिवाज एवं विधि-विधान के साथ करमा पूजा का आयोजन किया गया। करमा पूजा के अवसर पर नायके द्वारा करम डाली को अखड़ा परिसर में विधिवत गाड़ा गया। इसके बाद करमाटी बच्चियों द्वारा जावा जगाने की परंपरा पूरी की गई। पूजा के दौरान सूप में दीप जलाकर फूल-माला से सजाया गया। इसके बाद करमाटी बच्चियां करम डाली के पास पहुंचीं और पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार नृत्य-गान करते हुए करम डाली की परिक्रमा की। पूजा स्थल पर बैठकर बच्चियों ने करम डाली में सूत का धागा बांधा और फूल अर्पित किए। इसके बाद विधिवत बिनती शुरू की गई। बिनती के दौरान करमा और धर्म दो भाइयों की पारंपरिक कथा का वर्णन किया गया। बिनती पूर्ण होने के बाद बच्चियों ने करम डाली में रोटी एवं पकवान बांधे। इस दौरान मंदार की पारंपरिक धुन से पूरा अखड़ा परिसर गूंजता रहा।पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद बच्चियों ने नृत्य-गान करते हुए करम डाली के चारों ओर परिक्रमा की। इसके बाद रोटी एवं पकवान को प्रसाद के रूप में उपस्थित लोगों के बीच वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के बाद रातभर पारंपरिक नृत्य-गान का दौर चलता रहा।करमा पूजा में करीब 30 बच्चियों ने भाग लिया और करम देव की पूजा-अर्चना कर अपने भाइयों की लंबी आयु, सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। इस दौरान रामू मांझी, सुखलाल मांझी, जगलाल मांझी, लखन मांझी, सुरेश टुडू, मंगल मुर्मू, सूरज मुर्मू, पटेलाल मांझी, किशुन मुर्मू सहित बड़ी संख्या में माता-बहनें एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Spread the love