सपाही नदी में मिला चालक इमरान का शव,जांच में जुटी पुलिस

360° Ek Sandesh Live

ओरमांझी (रांची): ओरमांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत ईरबा स्थित सपाही नदी से शनिवार को पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया,जिसकी पहचान बिहार शरीफ निवासी 42 वर्षीय इमरान अंसारी के रूप में हुई है। इमरान पिछले तीन वर्षों से ईरबा में किराए के मकान में रहकर वाहन चलाने का काम करता था। ​स्थानीय लोगों द्वारा नदी में शव देखे जाने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही ओरमांझी पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। शव से तेज दुर्गंध आ रही थी,जिससे आशंका जताई जा रही है कि मौत कुछ दिन पहले हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स रांची भेज दिया है। ​प्राथमिक जानकारी के अनुसार,मृतक की ससुराल रांची के हिंदपीढ़ी नाला रोड में है। किसी बात को लेकर पत्नी से अनबन चल रही थी,जिसके कारण वह पिछले कुछ समय से अपने मायके में ही रह रही थी। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मृतक के स्वजनों को सूचित कर दिया गया है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। 

Spread the love