रिम्स में संतुलित आहार को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

360° Ek Sandesh Live

By Sunil

रांची। रिम्स के कम्युनिटी मेडिसीन विभाग की ओर से पोषण माह 2026 के अंतर्गत संतुलित आहार, विविधतापूर्ण पोषण एवं स्वस्थ खान-पान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों व जागरूकता गतिविधियों का आयोजन शनिवार को किया गया। पोषण माह के दौरान संतुलित व वविधतापूर्ण आहार के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों एवं समुदाय को अपने दैनिक आहार में विभिन्न खाद्य समूहों को उचित मात्रा में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके तहत अनाज एवं मोटे अनाज, दालें, दूध एवं दुग्ध उत्पाद, हरी पत्तेदार एवं अन्य सब्जियां, फल, मेवे, बीज तथा स्वस्थ वसा के सेवन के महत्व की जानकारी दी गई।
स्थानीय स्तर पर उपलब्ध, सुलभ एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने तथा स्वस्थ खान-पान की आदतों को अपनाने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से कुपोषण की रोकथाम, पोषण संबंधी जागरूकता एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। इसके अतिरिक्त 01 अक्टूबर 2026 को पोस्टर प्रतियोगिता तथा 03 अक्टूबर 2026 को प्रभात फेरी एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। इन गतिविधियों में विद्यार्थियों एवं समुदाय की सक्रिय भागीदारी रही। विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से पोषण, संतुलित आहार एवं कुपोषण की रोकथाम से संबंधित संदेश प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व रिम्स निदेशक एवं डीन के द्वारा किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कम्युनिटी मेडिसीन विभाग द्वारा विभाग की प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. शालिनी सुंदरम के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर कम्युनिटी मेडिसीन विभाग के संकाय सदस्यों, स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Spread the love