AMIT RANJAN
सिमडेगा/जलडेगा: सिमडेगा जिले के जलडेगा (ओड़गा ओपी) क्षेत्र में नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर शादी करने की नीयत से भगाने के मामले में ओड़गा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन को भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के पिता ने 19 अक्टूबर को ओड़गा ओपी में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन में बताया गया कि उनकी नाबालिग पुत्री 18 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे से लापता है। शिकायत में मोबाइल नंबर 9556681910 के उपभोक्ता पर उनकी बेटी से बराबर बातचीत करने और उसे बहला-फुसलाकर शादी करने की नीयत से भगा ले जाने का आरोप लगाया गया।
लिखित आवेदन के आधार पर ओड़गा ओपी कांड संख्या 63/2026 दर्ज किया गया। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2)/87/3(5) के तहत दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिमडेगा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के अंदर नाबालिग लड़की को बरामद कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 19 वर्षीय सिबा सिंह, पिता सुनील सिंह, निवासी हथियाबाड़ी, राजाबस्ती, थाना हथियाबाड़ी, जिला सुंदरगढ़, ओडिशा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से रियलमी C71 मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसमें शिकायत में उल्लेखित मोबाइल नंबर का सिम लगा हुआ था।
छापेमारी टीम में ये थे शामिल
छापेमारी दल में ओड़गा ओपी प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक रमेश कुमार झा, पुलिस अवर निरीक्षक जीतेन्द्र दुद्दू तथा ओड़गा ओपी के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से नाबालिग लड़की को बरामद कर लिया गया है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
