काम से लौट रही महिला को अज्ञात वाहन ने कुचला, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

360° Ek Sandesh Live

तीन मासूमों के सिर से उठा साया

By Mustaffa

मेसरा (रांची): बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र के गेतलातू स्थित टीसीआई गेट के समीप रांची-हजारीबाग नेशनल हाईवे पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने महिला को इतनी बेरहमी से रौंदा कि उसका माथा पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। ​मृतका की पहचान होम्बई निवासी स्व. कैलाश करमाली की बड़ी बहू लीला देवी (27 वर्ष) के रूप में की गई है। ​मिली जानकारी के अनुसार,लीला देवी गौतम सिटी के भीतर स्थित किसी क्वार्टर में झाड़ू-पोछा और घरेलू कामकाज करती थी।

गुरुवार की शाम करीब 6:00 बजे वह अपना काम खत्म कर वापस अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान टीसीआई गेट के पास नेशनल हाईवे पार करने या गुजरने के क्रम में किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। मृतका के पति धीरज करमाली की मृत्यु करीब 5 वर्ष पूर्व ही हो चुकी है। लीला देवी ही अपने तीन छोटे-छोटे बच्चों का पालन-पोषण कर रही थीं। इस आकस्मिक और दर्दनाक मौत से मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता दोनों का साया पूरी तरह उठ गया है,जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। ​घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व परिजन उग्र होकर दुर्घटना स्थल पर जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया और अज्ञात वाहन की पहचान, चालक की गिरफ्तारी व उचित मुआवजे की मांग को लेकर रांची-हजारीबाग नेशनल हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। ​घटना की गंभीरता को देखते हुए बीआईटी मेसरा थाना प्रभारी अजय कुमार दास दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। खबर लिखे जाने तक थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों को शांत कराने,यातायात बहाल करने तथा मुआवजे की मांग पर उचित आश्वासन देने के प्रयास में जुटे हुए थे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

Spread the love