बीआईटी मेसरा का 72वां स्थापना दिवस 15 जुलाई को, राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि

360° Ek Sandesh Live

By Sunil Verma

रांची: बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआईटी) मेसरा 15 जुलाई को अपना 72 वां स्थापना दिवस मनाएगा। इस अवसर पर संस्थान में शोध, नवाचार, वैश्विक पूर्व छात्र नेटवर्क और नई अधोसंरचना परियोजनाओं को केंद्र में रखते हुए कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि होंगे। उक्त बातें लालपुर स्थित बीआईटी एक्टेशन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए डीन (एलुमनी एवं इंटरनेशनल रिलेशंस) प्रो. श्रद्धा शिवानी ने सोमवार को कही। उन्होंने कहा कि टेगा इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन व बीआईटी मेसरा के 1964 बैच के पूर्व छात्र मदन मोहन मोहंका व आईआईटी भुवनेश्वर के निदेशक प्रो. श्रीपद करमलकर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस स्थापना दिवस पर 1986, 1996 और 2001 बैच के पूर्व छात्र विशेष बैच रीयूनियन में भाग लेंगे। देश-विदेश से आने वाले पूर्व छात्रों के बीच चयनित 11 प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों को ‘डिस्टिंग्विश्ड एलुमनी अवार्ड और 3 पूर्व शिक्षकों को डिस्टिंग्विश्ड टीचर अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। मौके पर रिसर्च कॉलोक्वियम का ग्रैंड फिनाले आयोजित होगा। इसमें बायोटेक्नोलॉजी, कंप्यूटर साइंस, रिमोट सेंसिंग, रॉकेट्री व मैटेरियल साइंस सहित विभिन्न क्षेत्रों के करीब 300 शोधार्थी अपने शोध और पोस्टर प्रस्तुत करेंगे। वर्ष 2025-26 बीआईटी मेसरा के लिए वैश्विक एलुमनी सहभागिता का महत्वपूर्ण वर्ष रहा। इस दौरान परिसर में तीन बड़े एलुमनी रीयूनियन आयोजित किए गए, जिनमें लगभग 250 पूर्व छात्र शामिल हुए। मौके पर एसोसिएट डायरेक्टर एलुमनी रिलेशन डॉ. विशाल शाह, एसोसिएट डायरेक्टर प्लेसमेंट्स एंड आउटरीच दिपिका दीप व एचएचएस विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. मृणाल पाठक मौजूद थे।

Spread the love