MUSTFA
मेसरा (रांची): बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास और देशभक्ति के उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के गीतों से गूंजता रहा। सरकारी व निजी संस्थानों, पंचायत भवनों और चौक-चौराहों पर आन-बान-शान के साथ तिरंगा फहराकर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई। मुख्य ध्वजारोहण समारोह बीआईटी मेसरा ओपी थाना परिसर में आयोजित हुआ, जहां थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने तिरंगा फहराया और पुलिस के जवानों ने सलामी दी। इसके अलावा संत मदर टेरेसा उच्च विद्यालय में प्राचार्य रामेश्वर ठाकुर), विकास ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में अध्यक्ष राम लखन मेहता), नेवरी पंचायत सचिवालय प्रांगण में मुखिया साधो उरांव), कोरल प्ले स्कूल में चेयमैन राजेंद्र महतो और फ्लोरेंस कॉलेज इरबा समेत प्रमुख स्थलों पर गरिमामय ढंग से ध्वजारोहण संपन्न हुआ। विभिन्न शिक्षण संस्थानों में स्कूली बच्चों ने एक से बढ़कर एक देशभक्तिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने मनमोहक नृत्य, देशप्रेम से ओत-प्रोत संगीत और प्रभावकारी नाटकों के जरिए स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। समारोह के समापन पर सभी जगहों पर मिठाइयों का वितरण किया गया। वहीं, राष्ट्रीय पर्व की पहचान मानी जाने वाली गरमा-गरम जलेबी का सुरूर दिनभर छाया रहा। सुबह 6 बजे से देर रात तक मिष्ठान दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही, जहां लोगों ने कतार में लगकर पारंपरिक स्वाद का आनंद लिया और एक-दूसरे को बधाई दी।
