चतरा में दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से मां और दो बेटियों की मौत, गांव में पसरा मातम

360°

Eksandeshlive Desk

चतरा : चतरा जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत भोज्या गांव स्थित बड़का आहार के तालाब में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है, जहां डूबने से एक मां और उसकी दो मासूम बेटियों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार, खीरू यादव की पत्नी परवा देवी अपनी दो बेटियों गीता कुमारी (8 वर्ष) और मालती कुमारी (6 वर्ष) के साथ तालाब पर कपड़े धोने गई थीं। इसी दौरान एक बच्ची का पैर अचानक फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। बच्ची को बचाने के लिए मां परवा देवी तुरंत तालाब में कूद पड़ीं। वहीं, दूसरी बेटी भी उन्हें बचाने के प्रयास में पानी में उतर गई।

तालाब की अधिक गहराई और किनारे पर फिसलन होने के कारण तीनों खुद को संभाल नहीं सकीं और देखते ही देखते पानी में डूब गईं। घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने तीनों के शव तालाब से बाहर निकाला। इस दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद पुलिस और प्रशासन समय पर मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर सहायता मिलती, तो संभवतः जान बचाई जा सकती थी। फिलहाल, इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। गांव के लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं और प्रशासन से भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

Spread the love