Eksandeshlive Desk
धनबाद : धनबाद के रामकनाली ओपी क्षेत्र स्थित बुट्टू बाबू बंगला बस्ती में रविवार को एक बार फिर भू-धंसान की घटना हुई। लगातार हो रही बारिश के बीच हुए भू-धंसान में करीब छह घर पूरी तरह ध्वस्त हो गए। हालांकि, पूर्व में इस इलाके को खाली करा दिए जाने के कारण घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लाेगाें के अनुसार यह क्षेत्र लंबे समय से भूमिगत कोयला खनन से प्रभावित रहा है। कुछ महीने पहले भी इसी बस्ती में बड़े पैमाने पर भू-धसान हुआ था, जिसमें कई मकान जमीन में समा गए थे।
वहीं, समीप स्थित एक आउटसोर्सिंग खदान में हुए भूस्खलन में छह लोगों की मौत हो गई थी। उस घटना के बाद बीसीसीएल प्रबंधन ने प्रभावित बस्ती को खाली कराकर लोगों के पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू की थी। इसी कारण इस बार बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद अपने पुराने आशियाने को मलबे में तब्दील होते देख विस्थापित परिवार भावुक नजर आए। लोगों ने बताया कि वर्षों की यादें इन घरों से जुड़ी थीं, जिन्हें इस तरह ढहते देख वे काफी दुखी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश से इलाके में भू-धंसान का खतरा अभी भी बना हुआ है। उनका आशंका है कि बस्ती के पास स्थित दो मंदिर तथा कुछ ही दूरी पर बह रही कतरी नदी भी भू-धंसान की चपेट में आ सकती हैं। लोगों ने प्रशासन और बीसीसीएल से इलाके की लगातार निगरानी करने तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।
