घाटशिला में ओडिशा के मुख्यमंत्री ने भरी हुंकार, कहा- झारखंड में अब परिवर्तन तय है

Election

Eksandeshlive Desk

पूर्वी सिंहभूम : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मंगलवार को आयोजित जनसभा में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि झारखंड में अब परिवर्तन तय है। उन्होंने कहा कि ओडिशा की तरह झारखंड में भी जनता विकास और स्थिरता चाहती है, लेकिन झारखंड सरकार ने जनता की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि आज ओडिशा डबल इंजन की सरकार के कारण तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। केंद्र और राज्य के समन्वय से हर गांव, हर गरीब तक योजनाओं का लाभ पहुंचा है। वहीं, झारखंड में खनिज संपदा की प्रचुरता होने के बावजूद बेरोजगारी, पलायन और भ्रष्टाचार जैसी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब इन सबका जवाब देने को तैयार है और भाजपा को ही सशक्त विकल्प मान रही है।

झारखंड में राजनीतिक परिवर्तन की शुरुआत है घाटशिला उपचुनाव : उन्होंने कहा कि देशभर में लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास से प्रभावित हैं। बिहार सहित जिन राज्यों में उपचुनाव हो रहे हैं, वहां भी जनता एनडीए के पक्ष में मतदान कर रही है। उन्होंने दावा किया कि घाटशिला से भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन की जीत निश्चित है और यह उपचुनाव झारखंड में राजनीतिक परिवर्तन की शुरुआत साबित होगा। सभा में ओडिशा के मुख्यमंत्री के साथ पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता चंपाई सोरेन, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो और सिदो-कान्हू के वंशज मंडल मुर्मू मौजूद थे। मंच से भाजपा नेताओं ने झारखंड सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए जनता से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उल्‍लेखनीय है कि घाटशिला विधानसभा सीट झारखंड के दिवंगत शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन के कारण रिक्त हुई है। इस उपचुनाव में झामुमो ने उनके पुत्र सोमेश सोरेन को मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा ने पूर्व मुख्‍यमंत्री चंपाई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन को प्रत्याशी बनाया है। दोनों दलों के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है और राजनीतिक पारा लगातार चढ़ता जा रहा है।

Spread the love