Amit Ranjan
सिमडेगा:- उपायुक्त सिमडेगा अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से “वन अधिकार अधिनियम -2006” के तहत ग्राम वन अधिकार समिति गठन करने से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित गई। उपायुक्त ने वन अधिकार अधिनियम के तहत वर्षों से वन में निवास करने वाले समुदायों की सुरक्षा व संरक्षण एवं उनके आजीविका हेतु वन संसाधनों के उपयोग व संग्रह का अधिकार देने हेतु सभी प्रखंडों में ग्राम वन अधिकार समिति गठन करने से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। जिले में ग्राम वन अधिकार समिति का गठन किया गया है, जिसमें FRC गठन-परिशिष्ट-I, ग्राम सभा की कार्यवाही की प्रति एवं ग्राम सभा का फोटो अप्राप्त है। बैठक में उपायुक्त ने संबंधित सभी त्रुटियों के निराकरण हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने 49 सामुदायिक पट्टा के त्रुटि निराकरण पर प्रगति लाने एवं सामुदायिक पट्टा के निमित ग्राम वन अधिकार समिति से प्राप्त दावा पत्र का निष्पादन करने से संबंधित आवश्यक निर्देश दिया। उपायुक्त ने सभी अंचलाधिकारियों को वन विभाग से समन्वय स्थापित कर विशेष ग्राम सभा का आयोजन करते हुए शत-प्रतिशत त्रुटि निराकरण सुनिश्चित कराते हुए ग्राम वन अधिकार समिति का गठन प्रतिवेदन अनुमंडल पदाधिकारी को उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया। विडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान अपर समाहर्ता अमरेंद्र कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी, महेंद्र उराॅंव, जिला कल्याण पदाधिकारी, सरस्वती कच्छप, वन प्रमंडल पदाधिकारी, अशोक कुमार गुप्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी सभी अंचलाधिकारी एवं ई.डी.एम. चंद्रशेखर कुमार उपस्थित थे।