झारखंड विधानसभा सत्र में 11,697 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड विधानसभा के छठे सत्र के तीसरे दिन बुधवार को राज्यपाल के अभिभाषण के बाद वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सदन में वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए 11697.45 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश किया। इसमें सबसे अधिक महिला बाल विकास विभाग के लिए 6390.55 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके बाद ऊर्जा विभाग के लिए 2577.92 करोड़, गृहकारा विभाग के लिए 445.96 करोड़, माध्यमिक शिक्षा के लिए 301.89 करोड़ और प्राथमिक शिक्षा के लिए 272.80 करोड़ का प्रावधान है। अनुपूरक बजट पेश होने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही 12 दिसंबर को पूर्वाह्न 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे : बाबूलाल मरांडी

वहीं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि झामुमो-कांग्रेस गठबंधन ने किसानों से वादा किया था कि धान की खरीद 3200 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर की जाएगी लेकिन चुनावी वादों पर अमल न होने से किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। बाबूलाल ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर ट्वीट किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह किया है कि चुनावी वादों के अनुरूप किसानों से 3200 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर धान की खरीद करें। साथ ही किसानों के लिए पारदर्शी व्यवस्था और समय पर भुगतान सुनिश्चित करें। सरकार को यह नहीं भूलना चाहिए कि किसान हमारे देश की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं को नजरअंदाज करना सभी के भविष्य के साथ अन्याय है।

Spread the love