Eksandeshlive Desk
पश्चिम मेदिनीपुर : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच प्रदेश की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बुलडोजर वाले बयान पर पलटवार किया। ममता ने कहा कि आजकल उत्तर प्रदेश जल रहा है। योगी बाबू यहां आकर भाषण देते हैं और कहते हैं कि बंगाल में बुलडोजर चलते रहेंगे। पिंगला में मंगलवार को जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल में बुलडोजर नहीं चलते। बगाली सलाम करता है, ‘प्रणाम’ करता, ‘जय हिंद’ कहता है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा शासित राज्यों में बंगाल के लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है।
ममता के मुताबिक ‘जब बंगाल के लोग भाजपा शासित राज्यों में जाते हैं, तो उन्हें प्रताड़ित किया जाता है और बंगाली बोलने पर उन्हें घुसपैठिया कहा जाता है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बंगाल में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि उत्तर प्रदेश का बुलडोजर केवल सड़क ठीक नहीं करता, माफियाओं का भी इलाज करता है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भी भाजपा सरकार लाइए, डबल इंजन सरकार दंगाइयों का इलाज कर देगी।उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल दो चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण में 23 अप्रैल और दूसरे चरण में 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।
