Eksandeshlive Desk
चेन्नई : तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने मंगलवार को यहां कहा कि द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) एक परिवारवादी पार्टी है जिसके शासन में चेन्नई एक सांस्कृतिक राजधानी से ‘अपराध की राजधानी’ में तब्दील हो रही है जो पूरे देश के लिए चिंता का विषय है। नड्डा ने तमिलनाडु की राजधानी में पुथांडु (तमिल नववर्ष) और डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के शुभ अवसर पर तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपना दृष्टिपत्र ‘कमल के वादे 2026’ काे जारी करने के बाद समाराेह काे संबाेधित करते हुए यह बात कही। उन्हाेंने राज्य की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए सत्तारूढ़ द्रमुक सरकार पर कड़ा प्रहार किया।
नड्डा ने कहा, “हम भारतीयों को तमिलनाडु पर बहुत गर्व है क्योंकि यह दुनिया की सबसे प्राचीन सभ्यताओं में से एक का उद्गम स्थल है लेकिन मौजूदा द्रमुक सरकार के शासन में यह सांस्कृतिक राजधानी ‘अपराध की राजधानी’ में तब्दील हो रही है, जो गंभीर चिंता का विषय है।“ नड्डा ने कहा कि जब वह वंशवादी परिवार की बात करते हैं तो यह एक परिवार की ओर से संचालित पार्टी है जहां स्टालिन शीर्ष पर हैं, उदयनिधि उत्तराधिकारी हैं, कनिमोझी सहयोगी हैं। उन्होंने सवाल किया कि पार्टी इसी तरह चलती है? यह पारिवारिक शासन है। द्रमुक ने महिलाओं, युवाओं और समाज के हाशिए पर रहने वाले वर्गों के विश्वास को धोखा दिया है। घोषणापत्र के शुभारंभ के दौरान पुथांडु के अवसर पर बधाई देते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि इस शुभ अवसर पर तमिलनाडु में अपने भाई-बहनों के साथ रहना उनके लिए अत्यंत प्रसन्नता का विषय है। यह नववर्ष आप सभी के लिए खुशियां, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य लेकर आए। भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर काे श्रद्धांजलि देते हुए नड्डा ने कहा कि विधि क्षेत्र और सामाजिक न्याय में उनके अद्वितीय योगदान से हमें निरंतर प्रेरणा मिलती रहेगी।
