झुंड से बिछड़ा हाथी मचा रहा उत्पात: टांगिया भाकू टोली में घर किया ध्वस्त

360° Ek Sandesh Live

Amit Ranjan

जलडेगा: प्रखंड क्षेत्र में झुंड से बिछड़ा एक जंगली हाथी उत्पात मचा रहा है। घटना रविवार रात टांगिया भाकू टोली की है, जहां हाथी ने टुडू टोपनो के घर को ध्वस्त कर दिया। घटना के बाद परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, हाथी देर रात गांव में घुस आया और टुडू टोपनो के घर को नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण रातभर जागकर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा करने को मजबूर हैं। घटना की जानकारी मिलने पर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष अमर तोपनो मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने प्रशासन और वन विभाग से पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने तथा हाथी को आबादी वाले क्षेत्र से सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की। हाथी के आतंक से आसपास के गांवों के लोग भी सहमे हुए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द ठोस कदम उठाकर जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।

Spread the love