जनता और विधायक के बीच डिजिटल सेतु है एप, अब सीधे विधायक तक पहुंचेगी जनता की आवाज

360° Ek Sandesh Live

News by Amit Ranjan

सिमडेगा: विधायक भूषण बाड़ा ने एक नई और अनोखी पहल करते हुए अपना आधिकारिक मोबाइल ऐप “Bhushan Bara” लॉन्च कर जनता को समर्पित किया। रविवार को सिमडेगा परिसदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ऐप का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक मोबाइल एप नहीं बल्कि जनता और विधायक के बीच सीधा डिजिटल सेतु है। उन्होंने कहा कि आज का दिन सिमडेगा के लिए ऐतिहासिक दिन है क्योंकि अब जनता की आवाज सीधे विधायक तक पहुंचेगी। विधायक ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे गूगल प्ले स्टोर में जाकर Bhushan Bara सर्च करें, ऐप डाउनलोड करें और सिमडेगा विधायक को 24×365 दिन अपने हाथ में रखें। विधायक ने कहा कि पहले किसी भी समस्या को विधायक तक पहुंचाने में काफी समय लग जाता था। लोगों को कई माध्यमों और प्रतिनिधियों के जरिए अपनी बात रखनी पड़ती थी। कई बार छोटी समस्याएं भी सही समय पर नहीं पहुंच पाती थीं। लेकिन अब इस एप के माध्यम से जनता सीधे विधायक से जुड़ सकेगी और अपनी समस्या दर्ज कर पाएगी। उन्होंने बताया कि ऐप में शिकायत दर्ज होते ही उसकी जानकारी सीधे विधायक तक पहुंचेगी। साथ ही शिकायत करने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह ऐप सिर्फ शिकायत का माध्यम नहीं बल्कि विकास और जनहित की जानकारी का भी मजबूत प्लेटफॉर्म बनेगा। ऐप के माध्यम से विधायक की गतिविधियां, विकास कार्यों की जानकारी और क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण अपडेट लगातार मिलती रहेगी। आने वाले समय में जनता की मांग और सुझाव के आधार पर इसमें कई नए फीचर भी जोड़े जाएंगे। इसमें “सुझाव दें” फीचर जोड़ा जाएगा। जिसके माध्यम से आम लोग सिमडेगा के विकास के लिए अपना सुझाव सीधे दर्ज कर सकेंगे। इसके अलावा “जनहित से जुड़ी हर अपडेट” फीचर के जरिए हर वर्ग के लोगों के लिए सरकारी योजनाओं, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी। विधायक ने कहा कि इस ऐप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसकी निगरानी वे स्वयं करेंगे। जनता की समस्याओं और सुझावों पर व्यक्तिगत रूप से नजर रखी जाएगी ताकि उनका जल्द समाधान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि यह तकनीक के माध्यम से पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने का प्रयास है। हमारा उद्देश्य राजनीति नहीं बल्कि सेवा को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि अब सिमडेगा की जनता यह समझ ले कि विधायक भूषण बाड़ा मोबाइल फोन के माध्यम से हर व्यक्ति के साथ 24 घंटे, 365 दिन खड़े रहेंगे। जनता की आवाज अब दबेगी नहीं बल्कि सीधे विधायक तक पहुंचेगी। उन्होंने सभी लोगों से डिजिटल और विकसित सिमडेगा बनाने के लिए इस पहल में भागीदारी निभाने की अपील की। बता दें कि राजनीति में इस तरह की डिजिटल और जनसरोकार वाली पहल बेहद कम देखने को मिलती है। विधायक भूषण बाड़ा की यह कोशिश देश के अन्य विधायकों, मंत्रियों और सांसदों के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है। अगर जनप्रतिनिधि इसी तरह तकनीक के माध्यम से जनता से सीधे जुड़ें तो समस्याओं का समाधान और विकास दोनों तेज हो सकते हैं। भूषण बाड़ा ने अपने पूर्व में किए गए प्रयासों और नई पहलों को लेकर उठ रहे सवालों पर कहा कि एक बार में सफलता न मिलने पर वे नई योजना लाना और जनता के लिए पहल करना नही छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि नया आविष्कार, बदलाव और बड़ी सफलता हमेशा लगातार प्रयास और प्रयोग से ही मिलती है। दुनिया के हर बड़े वैज्ञानिक और सफल व्यक्ति को कई बार असफलता का सामना करना पड़ा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि हमारे वैज्ञानिक भी बार-बार असफल होने के बावजूद रुकते नहीं हैं। लगातार मेहनत, शोध और प्रयोग करते रहते हैं। उसी निरंतर प्रयास का परिणाम है कि देश ने चंद्रयान जैसे बड़े और कठिन मिशनों में ऐतिहासिक सफलता हासिल की। विधायक ने कहा कि आखिरकार वही लोग सफल होते हैं जो हार नहीं मानते। उन्होंने कहा कि वे भी जनता के काम को आसान बनाने, व्यवस्था को बेहतर करने और नई सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार नए प्रयोग और नई पहल कर रहे हैं। जब तक जनता को बेहतर सुविधा और आसान व्यवस्था नहीं मिलेगी, तब तक प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि भूषण बाड़ा हार मानने या पीछे हटने वालों में से नहीं हैं। वे जुझारू नेतृत्व के प्रतीक हैं और आखिरी सांस तक जनता के हित में लड़ते रहेंगे।

Spread the love