रांची: झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने अपने सभी विधायकों की बैठक 10 जुलाई की शाम में बुलाई है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य और झारखंड प्रभारी के राजू भी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि अपने दो दिवसीय प्रवास पर 9 जुलाई को सुबह 11.10 बजे के राजू देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। देवघर एयरपोर्ट से प्रभारी के राजू सड़क मार्ग से गोड्डा पहुंचेंगे। जहां झारखंड प्रदेश कांग्रेस द्वारा आयोजित गोड्डा, साहेबगंज और पाकुड़ जिले के प्रखंड अध्यक्ष, प्रखंड पर्यवेक्षक और मंडल अध्यक्ष के अलावा जिला अध्यक्ष। जिला पर्यवेक्षक और जिला प्रशिक्षकों के साथ होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में झारखंड प्रभारी के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव भी शामिल रहेंगे। 9 जुलाई की शाम प्रभारी के राजू गोड्डा से गिरिडीह पहुंचेंगे उसके 10 जुलाई को गिरिडीह में नवनिर्मित जिला कांग्रेस कार्यालय का उद्घाटन समारोह में भाग लेंगे। उसके बाद रांची पहुंचकर शाम 4 बजे से आहूत कांग्रेस विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे। प्रत्येक माह विधायक की बैठक होने का निर्णय हुआ है, ताकि राज्य की ज्वलंत मुद्दों पर सभी विधायक अपनी-अपनी बात से एक दूसरे को अवगत करा सके। केशव महतो कमलेश ने कहा कि पंचायत कांग्रेस की प्रक्रिया पर भी चर्चा होगी कि इसका गठन कैसे हो। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रखंड कांग्रेस की तरह पंचायत कांग्रेस भी 12 सदस्यीय होगा और उसी में से किसी को कांग्रेस बूथ की जिम्मेदारी देगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 11 जुलाई को उनकी हजारीबाग में बैठक होगी फिर रांची में और चाईबासा में भी बैठक होगी।
