कुड़मालि विभाग में विदाई सह शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित

360° Education Ek Sandesh Live

हेमन्त

रांची: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू), रांची के कुड़मालि विभाग में शनिवार को स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए विदाई सह शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सत्र 2024-26 के एमए अंतिम सेमेस्टर के 32 विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई दी गई।

कार्यक्रम की शुरुआत विभाग के वर्तमान विद्यार्थियों द्वारा अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों का सम्मानपूर्वक सभागार में स्वागत करने से हुई। इसके बाद कुड़मालि संस्कृति की परंपरा के अनुसार ‘चमक चुका’ के चुमान और आरदास गीत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। पीजी की पूजा रानी और यूजी की राधा रानी ने आरदास एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषाओं के समन्वयक सह खोरठा विभागाध्यक्ष डॉ. बिनोद कुमार ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए अपनी मातृभाषा और संस्कृति पर गर्व करने तथा उसके संरक्षण के लिए काम करने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि कुड़मालि विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. परमेश्वरी प्रसाद महतो ने कहा कि कुड़मालि भाषा, साहित्य और संस्कृति से जुड़े रहना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से विभाग की गरिमा और मर्यादा बनाए रखने के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। कुड़मालि विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. निताई चंद्र महतो ने विद्यार्थियों को जीवन में संघर्ष और मेहनत का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने जीवन में एक आदर्श, ईमानदार और कर्मठ नागरिक के रूप में अपनी पहचान बनानी चाहिए। भाषा और साहित्य व्यक्ति के बौद्धिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और जीवनभर इसका लाभ मिलता है।

इस अवसर पर अंतिम वर्ष के सभी 32 विद्यार्थियों को विभाग एवं वर्तमान विद्यार्थियों की ओर से एक-एक गमछा भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। समारोह में विद्यार्थियों ने कुड़मालि पुरखा गीत, झूमर नृत्य और संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने विदाई के भावुक माहौल को उल्लास और खुशी से भर दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभाग में बिताए अपने अनुभवों और यादों को भी साझा किया। रुमा कुमारी, विक्की महतो, चुन्नीलाल कुमार और धनेश्वर महतो सहित कई विद्यार्थियों ने अपने विचार व्यक्त किए। मंच संचालन एमए सेमेस्टर-3 के दिलीश्वर महतो एवं स्नातक सेमेस्टर-4 की श्वेता कुमारी ने किया। धन्यवाद ज्ञापन एमए अंतिम वर्ष के छात्र राधानाथ महतो ने किया। मौके पर कुड़मालि विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. जय किशोर मंगल, पीएचडी शोधार्थी सत्येंद्र नाथ साहू सहित विभाग के सभी सेमेस्टर के सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Spread the love