Eksandeshlive Desk
बालूमाथ/लातेहार : पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े अंतर्राज्यीय रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान 146 किलोग्राम अवैध गांजा, तस्करी में प्रयुक्त होंडा सिटी कार और रेकी कर रही एक बोलेरो वाहन समेत 3 अंतर्राज्यीय तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे का अनुमानित बाज़ार मूल्य लगभग 22,00,000 (बाइस लाख रुपये) बताया जा रहा है।
सघन चेकिंग अभियान में हत्थे चढ़े तस्कर: मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि चंदवा की तरफ से एक सफेद रंग की होंडा सिटी कार में कुछ तस्कर अवैध गांजा लादकर बालूमाथ के रास्ते बिहार की ओर जा रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), बालूमाथ के नेतृत्व में मकईयाटांड पुलिस पिकेट के पास विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के क्रम में संदिग्ध सफेद होंडा सिटी कार को रोका गया। कार की तलाशी लेने पर उसमें से 06 बोरों में भरा कुल 146 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
ओडिशा से लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने की योजना: कार में सवार तीनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने स्वीकार किया कि वे ओडिशा के झारसुगुड़ा के रहने वाले हैं। उनके सरगना द्वारा ओडिशा से गांजा की तस्करी कराकर बिहार ले जाया जाता था, जहां इसे ऊंचे दामों पर बेचा जाता था। गिरोह के सदस्य पिछले कई वर्षों से गांजा तस्करी के इस अवैध कारोबार में संलिप्त थे। गिरफ्तार तस्करों की निशानदेही पर तस्करी के दौरान आगे-आगे रेकी कर रहे एक अन्य बोलेरो वाहन को भी पुलिस ने ज़ब्त कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण: गिरफ्तार अभियुक्तों में राहुल भाईसल (22), पिता: स्व. उद्धव भाईसल, पता: ग्राम-बंदवाहल, थाना-बनहरपाली, जिला-झारसुगुड़ा (ओडिशा), कलामुद्दीन उर्फ सोनू (22), पिता: स्व. अब्दुल खलील, पता: ग्राम-बंदवाहल, थाना-बनहरपाली, जिला-झारसुगुड़ा (ओडिशा), संतोष बेहरा (33), पिता: अशोक बेहरा, पता: ग्राम-बंदवाहल, थाना-बनहरपाली, जिला-झारसुगुड़ा (ओडिशा) शामिल हैं। वहीं अभियुक्तों से अवैध गांजा 146 किग्रा (अनुमानित मूल्य 22 लाख), होंडा सिटी कार 1, बोलेरो वाहन 1, मोबाइल फोन 3 जब्त किए गए।
छापामारी दल : छापामारी दल में उमेश प्रसाद सिंह (अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बालूमाथ), अनुभव सिन्हा (थाना प्रभारी, बालूमाथ थाना), पुअनि देवेन्द्र कुमार (बालूमाथ थाना), पुअनि गौतम कुमार (बालूमाथ थाना), पुअनि धीरज कुमार सिंह (बालूमाथ थाना), पुअनि मनोज कुमार (बालूमाथ थाना), पुअनि अभिषेक कुमार सिंह (अनु०कर्ता, बालूमाथ थाना) और बालूमाथ थाना का सशस्त्र बल शामिल रहा।
