लेबनान पर इजराइली हमलों से नाराज ईरान ने अमेरिका से बातचीत की प्रक्रिया रोकी

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

तेहरान : पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने लेबनान में जारी इजराइली सैन्य कार्रवाइयों के विरोध में अमेरिका के साथ चल रही वार्ताओं को निलंबित करने की घोषणा की है। ईरानी मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, तेहरान ने कहा है कि जब तक लेबनान और गाजा से जुड़े उसके प्रमुख सुरक्षा और राजनीतिक मुद्दों का समाधान नहीं होता, तब तक बातचीत आगे नहीं बढ़ेगी। अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी ‘तसनीम’ के अनुसार ईरानी वार्ता दल ने मध्यस्थों के जरिए होने वाली बातचीत और मसौदा दस्तावेज के आदान-प्रदान को फिलहाल रोक दिया है। ईरान का कहना है कि लेबनान में संघर्ष विराम की शर्तों का उल्लंघन हुआ है और इस स्थिति में वार्ता जारी रखना उचित नहीं होगा। ईरान ने मांग की है कि गाजा और लेबनान में सैन्य कार्रवाई तत्काल रोकी जाए तथा इजराइली सेना लेबनान से पूरी तरह पीछे हटे। तेहरान का कहना है कि इन मुद्दों पर संतोषजनक प्रगति होने तक बातचीत की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ेगी। रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया है कि ईरान और उसके क्षेत्रीय सहयोगी समूहों ने होर्मुज तथा बाब अल-मंडेब जलडमरूमध्य जैसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों से जुड़े विकल्पों पर विचार शुरू कर दिया है। हालांकि इन दावों पर स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इस बीच, बेंजामिन नेतन्याहू ने इजराइली सेना को बेरूत के दक्षिणी उपनगर दहियाह क्षेत्र में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। यह इलाका हिज्बुल्लाह का प्रमुख गढ़ माना जाता है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस कार्रवाई को लेकर अमेरिका और इजराइल के बीच समन्वय भी हुआ है।

कुवैत में अमेरिकी सैनिक सुरक्षित, सेंटकॉम ने ईरानी मिसाइलों को किया निष्क्रिय

वॉशिंगटन/कुवैत सिटी : पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच अमेरिकी सेना ने दावा किया कि कुवैत में तैनात उसके सैनिकों को निशाना बनाकर दागी गईं दो ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों को सफलतापूर्वक हवा में ही नष्ट कर दिया गया। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में किसी भी सैनिक या सैन्य प्रतिष्ठान को नुकसान नहीं पहुंचा। अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि रविवार देररात कुवैत स्थित अमेरिकी बलों की ओर बढ़ रही दोनों मिसाइलों को तत्काल इंटरसेप्ट कर लिया गया। सेना ने इसे अपनी वायु रक्षा प्रणाली की बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि क्षेत्र में तैनात अमेरिकी सैनिक पूरी तरह सुरक्षित हैं। सेंटकॉम ने अपने बयान में कहा कि अमेरिकी बल ईरान की किसी भी आक्रामक कार्रवाई का मुकाबला करने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं और क्षेत्रीय संघर्ष विराम बनाए रखने के प्रयासों का समर्थन करते रहेंगे। दूसरी ओर ईरान ने अपने कदम का बचाव किया है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि ईरान को क्षेत्र में मौजूद विदेशी सैन्य ठिकानों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार है। उनका दावा है कि यह कार्रवाई हाल के अमेरिकी सैन्य अभियानों के जवाब में की गई।

Spread the love