SUNIL KUMAR
साहिबगंज/बरहेट: बरहेट थाना क्षेत्र के धनजोरी (सोनाजोरी) गांव में विभिन्न घरों से हुई मोबाइल चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी गए 10 मोबाइल फोन तथा एक चांदी का चेन बरामद किया है।
शनिवार को बरहेट थाना परिसर में प्रेस ब्रीफिंग के माध्यम से थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया ने बताया कि 28 मई 2026 को सूचना मिली थी कि धनजोरी गांव के अलग-अलग घरों से करीब 10 मोबाइल फोन चोरी हो गए हैं। मामले की जांच एवं सत्यापन के बाद बरहेट थाना में कांड संख्या 67/26, धारा 331(4)/305 बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान चोरी गए मोबाइल फोन को तकनीकी माध्यम से ट्रेस किया गया। 4 जून को जानकारी मिली कि चोरी किए गए मोबाइलों में से एक मोबाइल सजाद अंसारी उर्फ वायरस उर्फ वारेस के पास उपयोग में है। इसके बाद बरहेट पुलिस ने छापेमारी कर उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी वसीम अंसारी के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि 26 मई की शाम दोनों सोनाजोरी रेलवे पुल के पास बैठे थे। पैसे की जरूरत और नशे की लत के कारण उन्होंने चोरी करने की योजना बनाई। इसके बाद 27 मई की रात धनजोरी गांव के कई घरों में घुसकर मोबाइल फोन, नकदी और एक महिला का पर्स चोरी कर लिया। थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया ने बताया कि चोरी की गई सामग्री में 10 मोबाइल फोन, 6000 रुपये नकद तथा चांदी का एक हार शामिल था। आरोपियों ने नकदी आपस में बांट ली थी तथा चोरी का सामान अपने-अपने पास रख लिया था।
