अजय राज
प्रतापपुर(चतरा): वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत विभिन्न योजनाओं के लिए योग्य लाभुकों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इस संबंध में जिला पशुपालन पदाधिकारी, चंद्रेश्वर प्रसाद ने चतरा जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) को पत्र जारी कर अपने-अपने क्षेत्र में ग्राम सभाओं का आयोजन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है।
जारी पत्र के अनुसार, मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के अंतर्गत पशुपालन प्रभाग एवं गव्य प्रभाग की विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन Loksetuchatra Portal के माध्यम से किए जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया में ग्राम सभा की अनुशंसा अनिवार्य होगी, इसलिए प्रत्येक पंचायत में योग्य लाभुकों के चयन के लिए ग्राम सभा आयोजित कराई जाएगी।जिला पशुपालन पदाधिकारी ने सभी बीडीओ से कहा है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के सभी मुखियाओं को आवश्यक निर्देश जारी करें तथा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र ग्रामीण इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
पत्र में यह भी निर्देश दिया गया है कि ग्राम सभा में चयनित लाभुकों की अनुशंसा एवं कार्यवाही की प्रति जिला पशुपालन पदाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए, ताकि जिला स्तर पर लाभुकों के सत्यापन एवं आगे की कार्रवाई समय पर पूरी की जा सके। जिला प्रशासन ने सभी पात्र पशुपालकों और इच्छुक ग्रामीणों से अपील की है कि वे ग्राम सभा में भाग लेकर मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आवेदन करें।
