नेपाल की जनमत पार्टी बुधवार को मनाएगी पोशाक दिवस

INTERNATIONAL

Ashutosh Jha

काठमांडू : नेपाल की एक प्रमुख राष्ट्रीय पार्टी जनमत पार्टी ने अंग्रेजी नववर्ष के दिन आगामी बुधवार को पोशाक दिवस मनाने का निर्णय लिया है। इस दिन सम्पूर्ण नेपाल में इस दल के आह्‌वान पर उच्च हिमालयी क्षेत्रों सहित पर्वतीय, तराई, भीतरी मधेश तथा मधेश के संपूर्ण जिलों में लोग अपनी-अपनी पहिरन को धारण कर राष्ट्रीय पोशाक दिवस मनायेंगे।

नेपाल के पूर्व मंत्री, सांसद तथा जनमत पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अब्दुल खान ने सोमवार को यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए ‌बताया कि जनमत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सीके राऊत राष्ट्रीय पोशाक दिवस के दिन धोती-कुर्ता आदि पहिरन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अब्दुल खान सहित अन्य केन्द्रीय नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। खान के अनुसार जनमत पार्टी के सचिवालय बैठक में यह फैस‌ला लिया गया है। उल्लेखनीय है कि जनमत पार्टी नेपाल के सत्ताधारी गठबंधन का हिस्सा है।

पिछ‌ले वर्ष भी जनमत पार्टी ने राष्ट्रीय पोशाक दिवस के अवसर पर धोती-कुर्ता आदि पोशाक में काठमांडू में व्यापक कार्यक्रम किया था। नेपाल सरकार ने इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष राऊत और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अब्दुल खान के साथ सैकड़ो कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था। खान ने बताया कि नेपाल के सभी जिलों, नगरपालिकाओं तथा गाँवपालिकाओं में जनमत पार्टी राष्ट्रीय पोशाक दिवस मनायेगी। जनमत पार्टी को आशंका है कि पिछले वर्ष की भाँति इस वर्ष भी नेपाल सरकार नेताओं व कार्यकर्ताओं की धर-पकड़ कर सकती है।

Spread the love