पार्टी के लिए जो काम करेगा, वही आगे बढ़ेगा: आदित्य साहू

360° Ek Sandesh Live


रांची। भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश के मीडिया प्रभारियों, प्रवक्ताओं व सोशल मीडिया प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संगठन की विचारधारा को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने, मीडिया समन्वय को मजबूत बनाने व आगामी चुनावी रणनीतियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि पार्टी की ओर से सभी पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं व यह संगठन हित में कार्य करने का एक बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए समर्पित भाव से कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं के लिए आगे बढ़ने के अवसर हमेशा खुले रहते हैं। भाजपा एक ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जहां एक बूथ अध्यक्ष भी अपनी कार्यक्षमता व संगठन के प्रति समर्पण के बल पर प्रदेश अध्यक्ष अथवा राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों तक पहुंच सकता है। साथ ही मीडिया विभाग में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी उन्होंने जोर दिया। भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनसंपर्क व संवाद का अत्यंत प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे में मीडिया, प्रवक्ता व सोशल मीडिया प्रभारियों को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी इलेक्ट्रॉनिक व प्रिंट मीडिया में प्रकाशित व प्रसारित होने वाली खबरों पर लगातार नजर रखें व समसामयिक विषयों की अद्यतन जानकारी से स्वयं को लैस रखें। कर्मवीर सिंह ने वर्ष 2029 के लोकसभा व विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक स्तर पर लक्ष्य आधारित व योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी व मनोज सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। बैठक का संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने किया। बैठक में प्रवक्ता अजय शाह, रमाकांत महतो, अभय सिंह, अमित मंडल, अविनेश कुमार, संदीप वर्मा, रविनाथ किशोर, राफिया नाज, अशोक बड़ाईक सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love