MUSTFA
मेसरा/ओरमांझी (रांची): रांची-रामगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-20) स्थित ब्लॉक चौक पर मंगलवार शाम एक अद्भुत नजारा देखने को मिला, जब 240 पहियों वाला विशालकाय हाइड्रोलिक मेगा ट्रेलर वहां पहुंचा। बीते कई हफ्तों से सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना यह अनोखा वाहन जैसे ही ओरमांझी क्षेत्र में दाखिल हुआ, उसे देखने के लिए आसपास के गांवों और दूर-दराज के इलाकों से लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, यह विशेष भारी-भरकम ट्रेलर ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से उत्तर प्रदेश की एक चीनी मिल के लिए विशालकाय औद्योगिक उपकरण (इंडस्ट्रियल इक्विपमेंट) लेकर जा रहा है। उपकरण का वजन और आकार इतना ज्यादा है कि ट्रेलर का संचालन बेहद सतर्कता और विशेष तकनीकी देखरेख में किया जा रहा है। ट्रेलर के विशाल आकार को देखते हुए सड़क पर ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अत्यधिक भार और सुरक्षा कारणों से यह ट्रेलर रोजाना बेहद धीमी गति से केवल सीमित दूरी ही तय कर पा रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने अब तक इस 240 पहियों वाले ट्रेलर को केवल इंटरनेट या रील्स में देखा था,लेकिन सामने से देखना एक अलग और रोमांचक अनुभव रहा।
मौके पर मौजूद राहगीरों और परिवारों ने इस खास पल को अपने कैमरों में कैद किया और फोटो-सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर शेयर की। जैसे-जैसे यह मेगा ट्रेलर आगे बढ़ रहा है, इसके गुजरने वाले अगले इलाकों में भी लोगों के बीच इसे देखने की उत्सुकता और कौतूहल बढ़ता जा रहा है।
