रांची संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में सुबोधकांत सहाय के नाम की घोषणा जल्द

Politics States

Eksandehlive Desk

रांची : पूर्व की भांति इस बार भी लोकसभा चुनाव में पार्टी आलाकमान ने कांग्रेस के कद्दावर नेता व पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय को प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया है। सूत्रों के मुताबिक पार्टी के केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इस पर सहमति बन चुकी है। श्री सहाय के नाम पर अंतिम मुहर भी लग चुकी है। इस संबंध में पार्टी आलाकमान द्वारा महज घोषणा किया जाना बाकी है।
सूत्रों के अनुसार एक-दो दिन में झारखंड की शेष लोकसभा सीटों पर प्रत्याशी के नामों की घोषणा कर दी जाएगी। इसके साथ ही बताया जाता है कि श्री सहाय की संसदीय राजनीति में वर्ष 2024 का लोकसभा चुनाव अंतिम चुनाव होगा।
गौरतलब है कि श्री सहाय विगत चार दशक से भी अधिक अवधि से रांची संसदीय क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होते रहे हैं। वर्ष 2004 से रांची संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार रहे हैं। इस दौरान श्री सहाय ने वर्ष 2004 और 2009 में व्यापक जन समर्थन से जीत हासिल की और केंद्र सरकार में मंत्री पद को सुशोभित किया। वहीं, वर्ष 2014 और 2019 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
कांग्रेस पार्टी के विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक इस बार भी पार्टी आलाकमान ने श्री सहाय को रांची संसदीय सीट से प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया है। बताया जाता है की दिल्ली में पार्टी के केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में श्री सहाय के नाम पर अंतिम मुहर लग चुकी है।
विदित हो कि रांची संसदीय क्षेत्र में विभिन्न संगठनों द्वारा आयोजित किए जाने वाले सामाजिक- सांस्कृतिक कार्यक्रमों में श्री सहाय बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते रहे हैं। उनकी छवि एक साफ-सुथरी जननेता की रही है।
यह भी सर्वविदित है कि अपने मंत्रित्वकाल के दौरान रांची संसदीय क्षेत्र में उन्होंने विकास की एक नई रेखा खींची है, जो मील का पत्थर साबित हुई है।
श्री सहाय ने अपनी भावनाओं को जनता के बीच व्यक्त करते हुए यह भी स्पष्ट किया है कि वर्ष 2024 का लोकसभा चुनाव उनके लिए अंतिम चुनाव होगा। इसके बाद वह भले ही राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय न रहें, लेकिन सामाजिक, धार्मिक व सांस्कृतिक क्षेत्र में सदैव अपनी सहभागिता निभाते रहेंगे।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक श्री सहाय को रांची संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित करने संबंधी अधिसूचना जल्द ही जारी कर दी जाएगी। इसके साथ ही रांची लोकसभा सीट से प्रत्याशी के संबंध में लगाये जा रहे तरह-तरह की अटकलों पर विराम लग जाएगा।