मिनी मैराथन, शतरंज एवं वॉलीबॉल में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह और खेल भावना
Eksandeshlive Desk
राँची: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय राँची में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा एवं उत्कृष्ट खेल भावना का प्रदर्शन किया। आयोजन के लिए कुल 236 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें लगभग 100 विद्यार्थियों ने मिनी मैराथन, 50 ने शतरंज तथा शेष प्रतिभागियों ने वॉलीबॉल प्रतियोगिता में भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 7 बजे विश्वविद्यालय के ओल्ड बिल्डिंग मेन ब्लॉक से 5 किलोमीटर मिनी मैराथन के साथ हुई। प्रतिभागियों ने मोरहाबादी क्षेत्र के दो चक्कर पूरे किए। पुरुष वर्ग में सुजीत मुंडा ने 19 मिनट 41 सेकंड में प्रथम स्थान प्राप्त किया। राहुल साहू द्वितीय तथा शतरंज कुमार तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में विमला औरा ने 24 मिनट 35 सेकंड में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि ईशा किरकेटा द्वितीय और राखी कुमारी तृतीय रहीं। उल्लेखनीय है कि महिला वर्ग में शीर्ष तीनों स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागी एनसीसी कैडेट थीं।
शतरंज प्रतियोगिता में 52 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें 34 प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान आठ राउंड में कुल 32 मैच खेले गए। इसमें रोहित टाइगर (बीसीए) ने प्रथम, नवनीत प्रिया (जूलॉजी) ने द्वितीय तथा अभिषेक कुमार यादव (बीसीए) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया। प्रत्येक टीम में छह खिलाड़ी तथा दो रिजर्व खिलाड़ी शामिल थे। पुरुष वर्ग में टीम ब्लू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि टीम येलो उपविजेता रही। बालिका वर्ग में रेड टीम विजेता बनी। टीम ब्लू के कप्तान सुजीत तथा टीम येलो के कप्तान पवन ने अपनी-अपनी टीमों का प्रभावी नेतृत्व किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. धनंजय वासुदेव द्विवेदी, छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष डॉ. सर्वोत्तम कुमार, डॉ. गणेश चंद्र बास्के, शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. रीना नंद, बी.एड. स्पोर्ट्स हेड मनीष कुमार शॉ तथा स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर प्रिया उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष डॉ. सर्वोत्तम कुमार ने सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय खेल दिवस एवं मेजर ध्यानचंद जयंती की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने घोषणा की कि आगामी वर्ष प्रतियोगिता को और व्यापक स्तर पर आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा तथा इसे एक दिन के स्थान पर दो से तीन दिनों तक आयोजित करने की योजना बनाई जा सकती है।
कुलसचिव डॉ. धनंजय वासुदेव द्विवेदी ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा खिलाड़ियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल भावना, अनुशासन और खेलों के महत्व को आत्मसात करने का संदेश दिया। इसके पश्चात कुलसचिव एवं छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं उपविजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। प्रातः 6:30 बजे से प्रारंभ हुआ यह आयोजन लगभग 2:30 बजे पुरस्कार वितरण एवं सामूहिक छायाचित्र के साथ संपन्न हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए अनुशासन, सहभागिता और उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया।
