NUTAN
कुडू/लोहरदगा: जिला अंतर्गत कुड़ू प्रखंड के उडूमूडू गांव में अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा एक व्यक्ति के मछली पालन वाले तालाब में जहरीला पदार्थ डाल दिए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में लगभग 4 से 5 क्विंटल मछलियों की तड़प तड़पकर मौत हो गई। जिससे पीड़ित पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है। मामले को लेकर पीड़ित उडूमूडू निवासी रुस्तम अंसारी पिता नसीरुद्दीन अंसारी ने कुडू थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि बीती रात अज्ञात उपद्रवियों ने उनके तालाब में कोई घातक जहरीला मसाला मिला दिया। सुबह जब वे तालाब पहुंचे तो देखा कि सारी मछलियां पानी की सतह पर मृत तैर रही थीं।
रुस्तम अंसारी ने बताया कि मछली पालन ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन था। इस षड्यंत्र से उनके सामने रोजी रोटी का गंभीर संकट पैदा हो गया है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि मामले की एफआईआर FIR दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जाए और घटना को अंजाम देने वाले दोषियों की पहचान कर उन पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगा।
