‘Are We Raising Achievers or Thinkers?’ विषय पर साझा किए विचार, बच्चों में जिज्ञासा और स्वतंत्र सोच विकसित करने पर दिया जोर
सुनील चिंचोलकर
बिलासपुर/छत्तीसगढ़: बिलासपुर की शिक्षाविद्, उद्यमी, लेखिका एवं वक्ता सायना उभरानी को कर्नाटक के दावणगेरे में PSSEMR School & PU College द्वारा आयोजित TEDxDavangere में वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया। प्रतिष्ठित TEDx मंच पर सायना ने शिक्षा और बच्चों के समग्र विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषय पर अपने विचार साझा किए।
सायना उभरानी Chocolate Kids Preschool, Bilaspur की सह-संस्थापक एवं निदेशक हैं और शिक्षा के क्षेत्र में लगभग दो दशकों का अनुभव रखती हैं। मार्केटिंग एवं फाइनेंस में MBA सायना “Good to Be Embarrassed” पुस्तक की लेखिका भी हैं। वर्ष 2013 से वे बच्चों और अभिभावकों के साथ शिक्षा एवं पालन-पोषण के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं।
TEDxDavangere में उन्होंने “Are We Raising Achievers or Thinkers?” विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि बच्चों की सफलता को केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने बच्चों में जिज्ञासा, स्वतंत्र सोच, आत्मविश्वास, रचनात्मकता और जीवन कौशल विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। अपने संबोधन के माध्यम से उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों को बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को समझने तथा उन्हें सवाल पूछने, अपनी सोच विकसित करने और परिस्थितियों का स्वतंत्र रूप से सामना करने के अवसर देने की दिशा में प्रेरित किया। TEDx विचारों और वक्तृत्व का एक प्रतिष्ठित मंच है, जहां विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े वक्ताओं को अपने अनुभव, विचार और दृष्टिकोण व्यापक स्तर पर साझा करने का अवसर मिलता है। ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर सायना उभरानी की सहभागिता बिलासपुर के लिए भी गौरव का विषय रही।
