अशोक अनन्त
कान्हाचट्टी(चतरा): जिला विधिक सेवा प्राधिकार चतरा के सचिव के निर्देशानुसार 90 दिवसीय आउटरीच कार्यक्रम के तहत बुधवार को कान्हाचट्टी प्रखंड के ग्राम टाटरा में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।शिविर का संचालन अधिकार मित्र (पीएलवी) सरिता कुमारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों को नालसा एवं झालसा की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, निःशुल्क विधिक सहायता तथा आम नागरिकों के कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बच्चों के साथ होने वाले शोषण एवं हिंसा, बाल श्रम, बाल विवाह तथा बाल मजदूरी जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही ऐसी घटनाओं की जानकारी संबंधित विभागों को देने तथा पीड़ितों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी बताई गई। अधिकार मित्र सरिता कुमारी ने उपस्थित लोगों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 एवं निःशुल्क विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100 के बारे में जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।इस जागरूकता शिविर में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विधिक अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
