Eksandeshlive Desk
मेसरा (रांची) : बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र के नेवरी विकास चौक पर स्थित विकास ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में शनिवार को विदाई समारोह ‘अलविदा-2025’ का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें सत्र 2023-25 के पारामेडिकल और नर्सिंग के लगभग 150 छात्र-छात्राओं को जूनियर साथियों ने नम आंखों और सुनहरे भविष्य की शुभकामनाओं के साथ विदाई दी। इस समारोह की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि संस्थान के कई छात्रों ने अपनी ट्रेनिंग के दौरान ही बड़े अस्पतालों में रोजगार (प्लेसमेंट) पाकर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है। समारोह का आगाज बेहद गरिमामय ढंग से हुआ। संस्थान के डायरेक्टर राधाचरण सिंह, अध्यक्ष राम लखन मेहता, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, वरिष्ठ सदस्य सत्येन्द्र सिंह, पारामेडिकल प्रिंसिपल डॉ. एपी सिंह, वाइस प्रिंसिपल एसके तिवारी, एडमिन इरशाद अंसारी, नर्सिंग प्रिंसिपल अनुपमा सुरिन एवं अनुपा खलखो ने संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। जूनियर छात्रों ने सीनियरों का तिलक लगाकर स्वागत किया, जिसके बाद सरस्वती वंदना और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने समां बांध दिया।
मंच पर अपना अनुभव साझा करते हुए सीनियर छात्रों ने कहा कि विकास इंस्टीट्यूट ने न केवल उन्हें किताबी ज्ञान दिया, बल्कि रांची के नामी अस्पतालों में प्रैक्टिकल ट्रेनिंग के जरिए उन्हें एक कुशल स्वास्थ्य कर्मी के रूप में तैयार किया। छात्रों ने भावुक होते हुए कहा कि यहां के शिक्षकों का सहयोग किसी परिवार से कम नहीं रहा। संस्थान के डायरेक्टर राधाचरण सिंह ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि विदाई केवल एक औपचारिकता है, आप हमेशा हमारे संस्थान का हिस्सा रहेंगे। आप जहां भी जाएं, अपनी सेवा में ईमानदारी और अनुशासन बनाए रखें। आपकी मेहनत ही संस्थान का नाम रोशन करेगी। प्राचार्य डॉ. एपी सिंह ने छात्रों को भविष्य के लिए शुभकामना देते हुए कहा कि चिकित्सा सेवा से जुड़ना सौभाग्य की बात है, इसे पूरी निष्ठा से निभाएं। इसके अतिरिक्त अध्यक्ष राम लखन मेहता, वरिष्ठ सदस्य सत्येंद्र सिंह और अनिल सिंह ने भी छात्रों को संबोधित किया और उन्हें सुनहरे भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। समारोह के समापन पर सभी सफल छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इस गौरवशाली क्षण के साक्षी डॉ. शिव प्रसाद सिंह, कौशलकान्त वर्मा, नाज़िश अंसारी, दिव्या कुमारी, असलम जावेद, पूजा कुमारी, अमित कुमार, मुकेश कुमार, सोनाली सिंह, ऐलिस अट्टा, हनी कुमारी, प्रतिमा कुमारी और बेबी कुमारी सहित कई गणमान्य लोग बने।
