​कूल्ही-कुकुई सड़क के कालीकरण की मांग, संजय सेठ को सौंपा ज्ञापन

360° Ek Sandesh Live

By Mustaffa

मेसरा (राँची): ओरमांझी प्रखंड अंतर्गत कूल्ही से कुकुई तक की जर्जर सड़क के दिन बहुरने की उम्मीद जग गई है। इस सड़क के शीघ्र कालीकरण (पिचिंग) की मांग को लेकर क्षेत्र के एक प्रतिनिधिमंडल ने रांची के लोकसभा सांसद सह भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ से शिष्टाचार मुलाकात की और उन्हें एक मांग पत्र (ज्ञापन) सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से मंत्री का ध्यान आकर्षित कराते हुए कहा गया कि कूल्ही से कुकुई सड़क का निर्माण क्षेत्र की जनता की लंबे समय से लंबित और बेहद महत्वपूर्ण मांग है। सड़क की बदहाली के कारण स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने व्यापक जनहित को देखते हुए इस सड़क निर्माण कार्य को अविलंब स्वीकृति देकर जल्द से जल्द शुरू कराने का आग्रह किया। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और क्षेत्र की इस जायज मांग पर सकारात्मक पहल करने का पूरा भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण कनेक्टिविटी को दुरुस्त करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इस सड़क के निर्माण के लिए वे आवश्यक कदम उठाएंगे। ​इस अवसर पर मुख्य रूप से ओरमांझी पश्चिम के जिला परिषद सदस्य कमिश्नर मुंडा,सामाजिक कार्यकर्ता शंकर कुमार महतो तथा आजसू पार्टी युवा मोर्चा के अध्यक्ष राजकिशोर महतो सहित कई अन्य साथी व ग्रामीण उपस्थित थे।

Spread the love