By Ashok Anant
चतरा: पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए हथियार और कारतूस के साथ चार अंतरराज्यीय अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधी हंटरगंज क्षेत्र में किसी बड़ी लूट की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। समय रहते की गई कार्रवाई से एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना टल गई।इस संबंध में चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी हंटरगंज थाना क्षेत्र में एकत्र होकर किसी बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद तत्काल एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।एसपी ने बताया कि चतरा एसडीपीओ सन्नी वर्धन व हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हंटरगंज प्रखंड के डुमरिया गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही संदिग्ध भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए चारों अपराधियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान बिहार के कोठी थाना क्षेत्र के बाराकला गांव निवासी गौतम पासवान, बाराचट्टी थाना क्षेत्र के जायगीर गांव निवासी प्रवीण कुमार, फतेहपुर थाना क्षेत्र के पतवास गांव निवासी विकास मांझी तथा हंटरगंज थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव निवासी चिंटू पासवान के रूप में हुई है। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो पिस्टल, एक कट्टा एवं चार कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिसके आधार पर पुलिस अन्य आपराधिक गतिविधियों और इनके नेटवर्क की जांच कर रही है।एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि सभी आरोपी किसी बड़ी लूट की घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है तथा बिहार और झारखंड के विभिन्न थानों से इनके संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। गौतम पासवान के विरुद्ध झारखंड बिहार में नौ से अधिक अपराधिक मामले दर्ज है। उन्होंने कहा कि चतरा पुलिस जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार अभियान चला रही है। अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी वारदात को होने से पहले ही विफल कर दिया गया। इस अभियान में चतरा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सन्नी वर्धन, हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार सहित पुलिस बल के अन्य अधिकारी एवं जवान शामिल थे।
