ओरमांझी के वरिष्ठ भाजपा नेता व कारसेवक सुखदेव महतो का निधन

360° Ek Sandesh Live

News by Mustaffa

शोक की लहर: वर्ष 1996 में अयोध्या कारसेवा में शामिल हुए थे सुखदेव,नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

​मेसरा (रांची): ओरमांझी प्रखंड क्षेत्र के वरिष्ठ व समर्पित भाजपा कार्यकर्ता सुखदेव महतो (65 वर्ष) का मंगलवार को निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वह लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए थे और संगठन में एक सक्रिय स्तंभ के रूप में अपनी पहचान बनाई थी। स्व. सुखदेव महतो वैचारिक रूप से बेहद दृढ़ थे। वर्ष 1996 में वे अयोध्या में आयोजित कारसेवा में शामिल होने गए थे। वहां से लौटने के बाद आंदोलन में सक्रिय भूमिका के कारण रांची में उनकी गिरफ्तारी भी हुई थी। वक्ताओं ने कहा कि उनका पूरा जीवन संगठन,समाज सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों के प्रति समर्पित रहा। उनके निधन से क्षेत्र व संगठन को अपूरणीय क्षति हुई है। उनके निधन की सूचना मिलते ही राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। निधन का समाचार मिलते ही पूर्व सांसद रामटहल चौधरी,पूर्व प्रमुख जय गोविंद उर्फ लालू साहू सहित भाजपा एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े कई नेता व कार्यकर्ता उनके आवास पहुंचे और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। ​इस अवसर पर विधायक रामकुमार पाहन,रामवृक्ष महतो,चुनू महतो,सुनील नायक,अमरनाथ चौधरी,मानकी राजेंद्र साही,जयप्रकाश महतो सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।

Spread the love