News By Sunil
रांची: भाजपा की ओर से अमर शहीद स्थल भोगनाडीह, मोराबादी के सिदो कान्हू पार्क व प्रदेश कार्यालय सहित राज्य के सभी मंडलों में हूल क्रांति के अमर शहीद महानायक सिदो-कान्हो, चांद-भैरव, फूलो-झानो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि हूल दिवस, जनजातीय समुदाय के कड़े संघर्ष और बलिदान का प्रतीक है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भोगनाडीह को पुलिस छावनी में तब्दील कर 50 से अधिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। यह आदिवासियों को डराने का प्रयास नहीं तो क्या है। पिछले साल भी हूल दिवस के अवसर पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज और आंसू गैस चलाए गए थे। उन्होंने कहा कि अधिक अहंकार होना पतन का कारण बनता है। झारखंड सरकार उसी राह पर है। जनजातीय संस्कृति एवं विरासत को मिटाने का सपना देखने वालों की जनता जल्द ही पूरी तरह अस्तित्व खत्म कर देगी। जो स्थिति है उससे तो यही लगता है कि झारखंड में एक और हूल क्रांति की आवश्यकता है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी एवं पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने मोराबादी स्थित सिदो कान्हू पार्क में सिदो-कान्हो की प्रतिमा पर श्रंद्धाजलि अर्पित कर जनजातीय अस्मिता, स्वाभिमान और स्वतंत्रता के लिए उनके अद्वितीय योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। जबकि प्रदेश कार्यालय में ‘हूल क्रांति’ के महानायकों के बलिदान दिवस पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।इसके अलावा भोगनाडीह सहित राज्य के सभी मंडलों में हूल क्रांति के महानायकों को पार्टी के विभिन्न नेताओं और कार्यकतार्ओं द्वारा श्रद्धांजलि दी गई।
