AMIT RANJAN
बांसजोर: बांसजोर एसएस+2 विद्यालय स्टेडियम में गुरुवार को खेलो झारखंड वर्ष 2026-27 प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बांसजोर जिला परिषद सदस्य सह कांग्रेस सेवा दल के जिला अध्यक्ष सामरोम पौल टोपनो ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।
प्रतियोगिता के शुभारंभ से पूर्व मुख्य अतिथि टोपनो ने मैदान में मौजूद विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए खेल के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया।
खेलो झारखंड 2026-27 प्रतियोगिता में बांसजोर प्रखंड संसाधन केंद्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न विद्यालयों के 17 वर्ष तक के बालक-बालिकाएं हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में एकलव्य विद्यालय कुलामारा बांसजोर, एसएस+2 विद्यालय बांसजोर, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय बांसजोर, तरगा उच्च विद्यालय एवं बनामुंडा विद्यालय सहित अन्य विद्यालयों के छात्र-छात्राएं शामिल हैं। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न खेलों में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। आयोजन के दौरान विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षेतर कर्मचारियों ने भी सक्रिय सहयोग किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि सामरोम पौल टोपनो ने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर बांसजोर के बीपीओ सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शिक्षेतर कर्मचारी उपस्थित रहे।
