12 चयनित स्थलों पर 2,444 लोगों ने एक स्वर में किया राष्ट्रगीत का गायन
अशोक अनन्त
चतरा: राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर 25 सितंबर शुक्रवार को दीभा स्थित स्थानीय इंदुमती टिबड़ेवाल सरस्वती विद्या मंदिर के तत्वावधान में नमामि भारतम् कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। ठीक सुबह के 11 बजे चतरा शहर के 12 चयनित स्थलों पर एक स्वर, एक ताल और एक लय में राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन हुआ। इस अवसर पर लगभग 2,444 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
सामूहिक गायन इन्दुमती टिबड़ेवाल विद्यालय परिसर, इंदिरा गांधी आवासीय विद्यालय प्रोफेसर कॉलोनी, उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय खांचा डाबर, संस्कार केंद्र आसनी खुर्द, संस्कार केंद्र झुमड़ा, किशनपुर, न्यू कॉलोनी दीभा, मां बागेश्वरी मंदिर परिसर जतराहीबाग, डाढ़ा, भेलवाडीह, बुच्चीडाड़ी एवं मायापुर सहित निर्धारित स्थलों पर आयोजित किया गया। राष्ट्रगीत की गूंज से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष संतन पांडेय ने कहा कि वंदे मातरम् महज एक गीत नहीं, बल्कि राष्ट्र चेतना का गान और भारत माता के प्रति अटूट श्रद्धा की अभिव्यक्ति है। वहीं, प्रधानाचार्य रमेश कुमार सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम देशभर में एक साथ आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन के माध्यम से राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति की भावना को जागृत करना तथा आयोजन को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने का प्रयास करना है। इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय प्रबंधन समिति के संरक्षक डॉ. विजय अग्रवाल सचिव संजय सिन्हा सह सचिव कुमार विवेक सिंह, कोषाध्यक्ष मुकेश साह आचार्य वृंद, कर्मचारीगण, अभिभावकों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
