Eksandeshlive Desk
पलामू: जिले के सतबरवा प्रखंड अंतर्गत लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के एकता जंगल में हुई पंकज उरांव हत्याकांड का पुलिस ने रविवार को खुलासा किया है। इस सिलसिले में पुलिस ने पत्नी, ससुर सहित सात आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। जिले के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने रविवार दोपहर 3:30 बजे इस संबंध में पूरी जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 23 सितंबर की सुबह करीब छह बजे एकता जंगल से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। उसकी पहचान पाटन के बंजारी गांव निवासी पंकज उरांव के रूप में हुई। पंकज 19 सितंबर से लापता था। मृतक के पिता ने उसकी पत्नी अनिमा कुमारी और उसके मायके पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया।
अनुसंधान के दौरान पत्नी समेत अन्य लोगों से पूछताछ की गई। इस क्रम में स्पष्ट हुआ कि पति-पत्नी के बीच विवाद था और पति अक्सर पत्नी की हत्या की धमकी देता था। पति से परेशान होकर पत्नी ने उसकी हत्या की योजना बनाई और पिता समेत अन्य रिश्तेदार एवं पहचान वालों को इसमें शामिल किया। तेतरी देवी और पिंटू कुमार को इसके लिए 10 लाख रुपए की सुपारी दी गई थी। तेतरी देवी के बैंक खाते में करीब 8 लाख रुपये अब भी मौजूद हैं। जांच में यह भी सामने आया कि साजिश के तहत रिंकी देवी से पंकज उरांव की फोन पर बातचीत कराई गई और उसे मिलने के लिए सतबरवा बुलाया गया। इसी क्रम में आरोपियों ने पंकज की हत्या कर शव को एकता जंगल में फेंक दिया। गिरफ्तार आरोपियों में पत्नी अनिमा कुमारी, पिंटू कुमार, तेतरी देवी, जितेंद्र उरांव, रिंकी देवी, रामजनम उरांव और दिलेश्वर सिंह शामिल हैं। सभी पलामू जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। मोबाइल, नकदी, बैंक दस्तावेज और कार बरामद की गई है। छापामारी दल में लेस्लीगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार, थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय, बाबूलाल यादव, लेस्लीगंज रिजर्व गार्ड और पलामू पुलिस की तकनीकी शाखा शामिल रही।
