Eksandeshlive Desk
कोडरमा : जिले के डोमचांच थाना अंतर्गत घरबरियाबर गांव में सात वर्षीय बालक का शव कुएं से बरामद किया गया है। मासूम बच्चे आर्यन यादव (पिता-पवन यादव) की हत्या कर उसका शव कुएं में फेंक दिया गया था। पुलिस ने बच्चे की मां और उसके फूफा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मामले का जल्द खुलासा कर लिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात बच्चा अपनी मां के साथ घर में सोया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात लोग घर में घुसे और मासूम को उठाकर ले गए। स्वजनों को इसकी भनक तक नहीं लगी। सुबह जब बच्चे का कहीं पता नहीं चला तो खोजबीन शुरू हुई। इसी बीच, गांव के एक कुएं में बच्चे का शव मिलने से मामले का खुलासा हुआ। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकाला। इस दौरान ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाने का विरोध किया। हालांकि पुलिस अधिकारियों के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। ग्रामीणों ने स्वजनों पर ही हत्या का संदेह जताया है।
