हजारीबाग : सिलवार स्थित गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में आयोजित दो दिवसीय ‘स्वर्गीय मिलिता टुडू मेमोरियल 8वीं सब-जूनियर एवं 12वीं सीनियर/जूनियर राज्य स्तरीय थ्रोबॉल प्रतियोगिता-2026’ का शनिवार को फाइनल मुकाबलों के साथ समापन हुआ। झारखंड थ्रोबॉल की पूर्व कप्तान स्वर्गीय मिलिता टुडू की स्मृति में आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 16 जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया। बालक एवं बालिका वर्ग के सीनियर व जूनियर खिलाड़ियों सहित 800 से अधिक खिलाड़ियों ने दो दिनों तक मैदान पर अपने खेल कौशल व प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का आयोजन थ्रोबॉल एसोसिएशन हजारीबाग की ओर से किया गया। प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबलों के सफल संचालन के लिए झारखंड एवं बिहार के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने निर्णायक और रेफरी की भूमिका निभाई। फाइनल मुकाबलों एवं समापन समारोह में हजारीबाग ओलंपिक संघ के अध्यक्ष सह युवा समाजसेवी हर्ष अजमेरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए हर्ष अजमेरा ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं केवल जीत व हार तक सीमित नहीं होतीं, बल्कि इनके माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना व नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। ग्रामीण व जिला स्तर पर अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं, जिन्हें उचित मंच तथा अवसर मिलने पर वे राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि हजारीबाग में खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले समय में ‘खेलो इंडिया’ के तहत हजारीबाग में राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित कराने की दिशा में कार्य चल रहा है। वहीं दिसंबर में रांची में 17 देशों की भागीदारी वाली अंतरराष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन प्रस्तावित है, जो राज्य के खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल को करीब से देखने व सीखने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास, अनुशासन व मेहनत के साथ अपने खेल को बेहतर बनाने का आह्वान किया। इधर, रोमांचक फाइनल मुकाबलों के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार एवं मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया। वहीं विजेता व उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को अतिथियों ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया तथा ट्रॉफी प्रदान की। समापन समारोह में थ्रोबॉल एसोसिएशन के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी, खेलप्रेमी व
