हंटरगंज/चतरा। हंटरगंज थाना पुलिस ने बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं व तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने के उद्देश्य से हंटरगंज पानी टंकी के समीप चतरा-डोभी मुख्य पथ पर बैरिकेडिंग लगाई है। इस पहल से वाहनों की गति पर नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी तथा आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि हो रही थी, जिसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के साथ-साथ क्षेत्र में अपराध नियंत्रण भी पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है व दोनों मोर्चों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि बाजार क्षेत्र में जाम की समस्या व दुर्घटनाओं को कम करने के लिए अनुमंडल प्रशासन ने सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई है। नो-एंट्री नियम का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि बैरिकेडिंग का मुख्य उद्देश्य तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाकर सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है, ताकि आम लोगों को सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। इधर, स्थानीय ग्रामीणों व आम लोगों ने प्रशासन के उठाए गए इस सुरक्षा कदम का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि इस व्यवस्था से तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगेगा व सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी।
