झारखंड में गर्मी और उमस से लोग परेशान, 11 को बारिश की संभावना

360°

Eksandeshlive Desk

रांची : राजधानी रांची सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में सोमवार को गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे। राज्य के कुछ इलाकों में हुई बारिश के कारण राहत रही, लेकिन बाकी हिस्सों में प्रचंड गर्मी महसूस की गई। मौसम विभाग ने 11 जून को राज्य के उत्तर पूर्वी और इससे सटे मध्यवर्ती हिस्सों में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की है। साथ ही इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी भी चल सकती है। इसे लेकर मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

एक दो दिन में पश्चिम बंगाल पहुंचेगा मानसून : दक्षिणी पश्चिमी मानसून देश के पश्चिम मध्यवर्ती और पूर्वी मध्यवर्ती अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में पहुंच गया है। इसके अगले एक-दो दिनों में पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और ओड़िशा में पहुंचने को लेकर परिस्थितियां बनी हुई हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश देवघर जिले के सिकटिया में 39.4 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। इस दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 40.9 डिग्री और सबसे कम तापमान गुमला में 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सोमवार को रांची में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री और न्यूनतम 23.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 36.8 डिग्री और न्यूनतम 26.8 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 40.9 और न्यूनतम 27.3 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 36.5 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

Spread the love