नो-पार्किंग में खड़े 239 वाहनों पर चला ट्रैफिक पुलिस का डंडा, 10 को क्रेन से हटाया

360° Ek Sandesh Live

हजारीबाग : शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने व सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कराने के लिए पुलिस ने वाहन जांच सह जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान अलग-अलग यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, नो-पार्किंग जोन में सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाने के लिए टो मशीन की भी मदद ली गई। पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर के नेतृत्व में गठित टीम ने शहर के विभिन्न हिस्सों में जांच अभियान चलाया। टीम में यातायात थाना प्रभारी के अलावा चार पुलिस पदाधिकारी, आठ पुलिसकर्मी और आठ गृहरक्षक शामिल रहे। अभियान के दौरान इंद्रपुरी चौक, डॉक्टर गली, आनंद चौक, कांग्रेस चौक, गुरु गोविंद सिंह रोड, पैगोडा चौक, मेन रोड, झंडा चौक, खाजा चौक, सांसद मोड़, सुंदरी मार्केट, पंच मंदिर चौक, छोटी ग्वालटोली, सुजात चौक, सरदार चौक और वंशीलाल चौक समेत कई प्रमुख स्थानों पर वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वालों पर विशेष रूप से कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार ऐसे 239 ऑटो, टोटो तथा अन्य वाहनों के चालान काटे गए। इसके साथ ही नियमों की अनदेखी कर सड़क पर खड़े किए गए 10 वाहनों को टो मशीन की सहायता से मौके से हटाया गया। पुलिस का कहना है कि सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहनों के खड़े रहने से यातायात प्रभावित होता है व जगह जाम की स्थिति बनती है। इसी को देखते हुए नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों पर भी पुलिस की नजर रही। बिना हेलमेट वाहन चलाने के 103 मामले सामने आए। वहीं, एक बाइक पर तीन लोगों के सवार होकर चलने यानी ट्रिपल लोडिंग के 33 मामले पकड़े गए। इसके अलावा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वाले 10 चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को समझाया कि यातायात नियमों की अनदेखी दुर्घटना का कारण बन सकती है। पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, दोपहिया वाहनों पर निर्धारित संख्या में ही सवारी बैठाने व ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है। साथ ही वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करने को कहा गया है। पुलिस के अनुसार शहर में यातायात व्यवस्था व सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए इस तरह की जांच एवं जागरूकता कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Spread the love