By Mustaffa
किराये के पक्के मकान में चल रही थी मिनी फैक्ट्री; टाटा नमक,पतंजलि-डाबर के रैपर और पैकिंग मशीनें बरामद
ओरमांझी (रांची): ओरमांझी पुलिस ने एक बड़े फर्जीवाड़े को बेनकाब करते हुए नामी कंपनियों के नकली (डुप्लीकेट) उत्पादों के निर्माण और सप्लाई के अवैध कारोबार का भारी मात्रा में भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस अवैध मिनी फैक्ट्री को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से इलाके में नकली सामान खपाने वाले सिंडिकेट के बीच हड़कंप मच गया है। आधिकारिक विवरण और जांच से जुड़े साक्ष्यों के अनुसार,यह अवैध धंधा सिलदिरी (ओरमांझी) में मीरा देवी (पति: स्व. धनेश्वर पाहन) के पक्के मकान में कमरा किराये पर लेकर चलाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नामी कंपनियों के नकली उत्पाद,खाली बोतलें,नकली रैपर और उन्हें सील करने वाली पैकिंग मशीनें जब्त की हैं। ज़ब्त किए गए मुख्य नकली सामान,नकली टाटा नमक की बड़ी खेप। पतंजलि और डाबर,नकली तेल और पैकेजिंग रैपर। डाबर आंवला तेल,तैयार की गई लगभग 300 पीस नकली तेल की बोतलें।
अल्मंड हेयर ऑयल करीब 256 पीस तैयार नकली बादाम तेल। अन्य ब्रांड भारी मात्रा में ऑल आउट और ग्लूकोन-डी के नकली पैकेट व सामग्रियां। इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई को थाना प्रभारी मनोज कुमार के कुशल दिशा-निर्देश और नेतृत्व में पुलिस टीम ने बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दिया। इस सफल छापेमारी दल में मुख्य रूप से एसआई रंजीत कुमार महतो और अमित कुमार सहित अन्य पुलिस बल के जवान शामिल रहे,जिन्होंने मौके पर पहुंचकर इस पूरे नेटवर्क को दबोच लिया। पुलिस प्रशासन द्वारा पकड़े गए सभी नकली उत्पादों के संबंध में संबंधित ब्रांडेड कंपनियों के प्रतिनिधियों और उनके लीगल सेल को सूचित कर दिया गया है। कंपनी के अधिकारियों के आगमन के बाद आगे की कड़ी कानूनी और आतेत्तर (आगामी) कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस बात की कड़ाई से तफ्तीश कर रही है कि इस सिंडिकेट का मुख्य मास्टरमाइंड कौन है और यह नकली माल रांची व आसपास के ग्रामीण इलाकों के किन-किन बाजारों और दुकानों तक सप्लाई किया जा रहा था।
